लापता छात्र आशु का फाइल फोटो। परिजन
हसनपुर लुहारी (शामली)। मॉस्को स्टेट लिंग्विस्टिक यूनिवर्सिटी में भाषा विज्ञान का कोर्स करने गया हसनपुर लुहारी गांव का छात्र आशू सैनी 41 दिन से लापता है। 30 जुलाई को आखिरी बार परिजनों से फोन पर उसकी बात हुई थी। इसके बाद से उसका फोन बंद है। परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
आशू की बहन अंशुल सैनी ने बताया कि 30 जुलाई को भाई से करीब 30 सेकेंड फोन पर बात हुई थी। उसने कहा था कि वह ठीक है और अगले दिन बात करेगा। इसके बाद से उसका फोन बंद जा रहा है। विश्वविद्यालय से संपर्क करने पर परिजनों को बताया गया कि आशू को सेना के लोग लेकर गए हैं। हालांकि, उसे कौन और क्यों लेकर गया, इसकी जानकारी नहीं दी गई।
परिजनों के अनुसार आशू के साथ मुजफ्फरनगर के दो अन्य छात्र भी लापता बताए जा रहे हैं। इससे परिवार को अनहोनी की आशंका सता रही है। परिजनों ने मॉस्को सरकार के अलावा प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर बेटे की सलामती और सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
एजेंट भी दे रहा धमकी, नहीं मिल रही मदद
आशू के पिता राकेश कुमार किसान हैं और खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे के लापता होने के बाद से वह बेहद परेशान हैं। उनका आरोप है कि एजेंट सोशल मीडिया पर धमकी दे रहा है, लेकिन उनकी कोई मदद नहीं की जा रही।
मामले की जानकारी नहीं है। जानकारी कराकर पीड़ित परिवार की मदद कराई जाएगी। - नरेंद्र प्रताप सिंह, एसपी शामली