मुकीम काला गैंग के सरगना मृतक बदमाश अरशद का फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद
मुकीम काला गैंग के सदस्य हरियाणा की जेलों में बंद रहने के दौरान वहां के बदमाशों को अपराध का पाठ पढ़ाकर गैंग में शामिल कर रहे हैं। एसटीएफ और पुलिस की जांच में सामने आया है कि मनवीर और सतीश की मुलाकात भी गैंग के अरशद से करनाल की जेल में हुई थी। जेल में ही दोनों को अरशद ने गिरोह में शामिल किया था।
हरियाणा सोनीपत के रोहट गांव का मुठभेड़ में मारा गया मंजीत, अरशद से सोनीपत की जेल से बंद रहने के दौरान मिला था और वहीं गिरोह में शामिल हुआ। करनाल का मनवीर और सतीश भी कुछ समय पूर्व करनाल की जेल में बंद थे, जहां पर अरशद भी लूट के मामले में बंद था। अरशद ने जेल में ही दोनों से दोस्ती बढ़ाई थी और गैंग में शामिल कर लिया था।
एसटीएफ अब इस बात की जांच में जुट गई कि सोनीपत, करनाल जेल में बंद रहने के दौरान अरशद ने कई अन्य को भी गिरोह में जोड़ा या नहीं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी जांच में जुट गई है।
सात माह से अधिक सक्रिय थे
पुलिस के अनुसार अब यह गैंग सात माह से अधिक समय से सक्रिय था। माना जा रहा है कि गिरोह ने हरियाणा और यूपी के विभिन्न जिलों में आपराधिक घटनाएं की हैं। मगर कुछ समय पूर्व ही पुलिस को गिरोह की भनक लगी थी।
ये बोले एसपी एसटीएफ
अरशद, संजीव, मंजीत और मनवीर के जेल में रहने के दौरान कौन कौन संपर्क में रहे, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। हरियाणा पुलिस और जेल के अधिकारियों से भी सहयोग मांगा गया है।
- बृजेश कुमार मिश्रा, एसपी, एसटीएफ, मेरठ रेंज