शामली जनपद के कैराना में शामली रोड पर बाइक सवार एलएलबी के छात्र को गोली मारकर घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस ने घायल को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। घायल के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में छोटे से ऑपरेशन के बाद घायल को रेफर कर दिया।
शामली रोड पर गोल्ड कीज पब्लिक स्कूल के पास बाइक सवार हमलावरों ने आमिर पर पीछे से फायर कर दिया जिससे आमिर घायल होकर वहीं गिर पड़ा। हमलावर मौके से फरार हो गये।
राहगीरो ने घायल आमिर से उसके परिजनों का नंबर पूछ कर परिजनों को सूचना दी। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में जनरल सर्जन डॉक्टर मनीष राठी ने घायल आमिर की पीठ से एक छोटा ऑपरेशन करके छर्रे निकाले। बाद में डॉक्टरों ने घायल आमिर को मेरठ रेफर कर दिया।वहीं सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकार अमरदीप मौर्य सरकारी अस्पताल पहुंचे और जानकारी ली।
अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि छात्र की हालत खतरे से बाहर है। परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है। मुकदमा दर्ज करके जल्दी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।