अंतरराज्यीय महिला गिरोह की सदस्याएं सोशल मीडिया से देशभर में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी हासिल करती थीं। नए कपड़े पहनकर वहां पहुंच जाती थीं। 24 सितंबर को शामली के उद्यमी के यहां आयोजित कार्यक्रम में पांच महिलाओं से चेन स्नेचिंग की थी।
शहर की कमला कॉलोनी के रहने वाले आईआईए के पूर्व चेयरमैन अनुज गर्ग के यहां धार्मिक कार्यक्रम के दौरान पांच महिलाओं से चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया। दिल्ली के आंबेडकरनगर की रहने वाली गिरोह की सदस्य ज्योति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चेन के बदले बनवाई गई एक सोने की गिट्टी बरामद की गई।
विज्ञापन
खुलासा हुआ है कि गिरोह वेस्ट यूपी ही नहीं, देशभर के विभिन्न राज्यों में यू-ट्यूब पर वीडियो देखकर धार्मिक और अन्य कार्यक्रमों में पिछले करीब चार साल से स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दे रहा है। बीती 24 सितंबर को कमला कॉलोनी के रहने वाले उद्यमी अनुज गर्ग के आवास पर धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, रिश्तेदार और परिचित शामिल हुए थे।
धार्मिक कार्यक्रम के बाद घर के बाहर ही भोजन की व्यवस्था की गई थी। खाना खाते समय उद्यमी की बहन ऋचा गर्ग, बुआ संतोष देवी निवासी सहारनपुर, कृष्णा गोयल निवासी शिवगंज मंडी, सुमन गुप्ता निवासी कमला कॉलोनी व सुषमा गोयल निवासी हनुमान रोड शामली के गले से सोने की चेन और लॉकेट चोरी हो गए थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली कि पूर्वी यमुना नहर के पास महिला किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच दिल्ली के आंबेडकरनगर की ज्योति को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने अनुज गर्ग के यहां धार्मिक कार्यक्रम में चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
उसने खुलासा किया कि गिरोह में दिल्ली के आंबेडकरनगर की ही रहने वाली नैना व पुष्पा समेत छह महिलाएं शामिल हैं। सभी यू-ट्यूब पर देशभर में होने वाले कार्यक्रमों की सूचना देखती हैं। इसके बाद उस कार्यक्रम में स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग तैयार की जाती है।
अब तक वेस्ट यूपी के बागपत, शामली, सहारनपुर, गाजियाबाद के अलावा दिल्ली, हरियाणा के रोहतक, हिसार व देहरादून समेत विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों में स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दे चुकी हैं। गिरोह की सरगना नैना के कहने पर ही वारदात को अंजाम दिया जाता है। पुलिस ने आरोपी महिला का चालान कर दिया। उधर, उद्यमी अनुज ने खुलासे पर एसपी की सराहना की। कहा कि अन्य आरोपी भी जल्द ही गिरफ्तार होने चाहिए।
दिल्ली में बेचते हैं सोने की चेन
आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि स्नेचिंग के बाद वह सोने की चेन को दिल्ली के आंबेडकरनगर के एक सराफ को बेचते हैं। जितने रुपये की चेन बेची जाती है, बराबर-बराबर छह हिस्सों में उन्हें बांट दिया जाता है। पुलिस सराफ की भी तलाश में जुट गई है।
महंगे कपड़े पहनकर वारदात करतीं हैं गिरोह की सदस्य
ज्योति ने पूछताछ में खुलासा किया जिस भी स्थान पर धार्मिक या फिर अन्य कार्यक्रमों में वारदात को अंजाम देना होता है, वह रात में ही पहुंच जातीं हैं। अधिकतर वारदातों को रात में ही अंजाम दिया जाता है। इसके लिए वह पहले ही महंगे कपड़े खरीदकर जातीं हैं ताकि लोग उन्हें नहीं पहचान सकें। गिरोह में 30 से लेकर 42 साल तक की महिलाएं शामिल हैं। नैना ग्रेजुएशन कर चुकी है। वही गिरोह की महिला सदस्यों को दिशा-निर्देश देती है। लोहे के कटर के माध्यम से चेन स्नेचिंग की जाती है।