सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित ऑडियो ने जिले की सियासत और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। ऑडियो में सहारनपुर के हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष रोहित प्रधान की हत्या की साजिश रचने और घटना के बारे में ऑडियो पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष चौहान को भेजने की बात कही जा रही है। मामले में मनीष चौहान ने कांधला थाने में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मनीष चौहान, जो पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तथा एमएलसी वीरेंद्र सिंह के पुत्र हैं, ने कांधला थाने मेें दी गई तहरीर में बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक लिंक और ऑडियो वायरल हो रहा है। ऑडियो में दो युवक आपस में बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं। इनमें से एक को बराला निवासी नदीम बताया गया है, जबकि दूसरे युवक की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।
तहरीर के अनुसार वायरल ऑडियो में कथित तौर पर रोहित प्रधान की हत्या कर उसका ऑडियो मनीष चौहान को भेजने और फिर यह कहने की योजना बनाई जा रही है कि “मनीष भाई, तुम्हारा काम हो गया है, अब हमें पेश करा दो आरोप है कि इस साजिश के जरिए उन्हें झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है, ताकि पुलिस कार्रवाई उनके खिलाफ हो सके।
मनीष चौहान ने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष के चलते और क्षेत्र में हिंदू-मुस्लिम तनाव फैलाने के उद्देश्य से यह षड्यंत्र रचा गया है। ऑडियो में कथित तौर पर नए फोन की व्यवस्था करने, विदेशी नंबर से कॉल करने, चार युवकों को तैयार करने, रुपये देने और घटना के बाद वीडियो वायरल करने जैसी बातें कही जा रही हैं। बातचीत में यह भी कहा जा रहा है कि “काम हो जाएगा”, “गेम ओवर कर देंगे” और “घर में घुसकर मार देंगे।”
मनीष चौहान ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस साजिश से क्षेत्र का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है।
उधर, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वायरल ऑडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पहला ऑडियो... 5:30 मिनटऑडियो रिकॉर्डिंग में दो युवकों के बीच इस प्रकार की बातचीत सामने आई है—
पहला युवक : एक नया फोन लिया जाए, जो युवक बाहर से आएंगे उनके फोन में बस मनीष चौहान का नंबर रहेगा, वह कॉल रिसीव भी कर लेता है।
दूसरा युवक : मनीष चौहान से पर्सनली बात हो जाती है क्या?
पहला युवक : बिल्कुल हो जाती है, कोई भी कर लो।
दूसरा युवक : मनीष से इस बारे में बात मत करना।
पहला युवक : मनीष के बारे में आपत्तिजनक बात कहता है
दूसरा युवक : दो सम्प्रदाय वाला काम हो गया तो बस, मनीष को ठीक मत मानना।
पहला युवक : ठीक कह रहा है।
दूसरा युवक : विदेशी नंबर से कॉल करना, ताकि ट्रेस नहीं हो सके।
पहला युवक : ठीक कर रहा है।
पहला युवक : ऑडियो बनाकर डाल देंगे, मनीष को कह देंगे काम हो गया
दूसरा युवक : मतलब खुलेआम ही काम करना चाह रहे हैं क्या वे?
पहला युवक : वे कहते हैं बस रुपये चाहिए।
दूसरा युवक : दो-चार साल तो उन्हें जेल में रहना पड़ेगा।
पहला युवक : वे कह रहे कि कोई दिक्कत नहीं, खुद को गोली मारनी पड़ी तो वह भी मार देंगे।
दूसरा ऑडियो... करीब 2:30 मिनट
दूसरी ऑडियो रिकॉर्डिंग में यह बातचीत सामने आई—
पहला युवक : तीन-चार लड़के होंगे, अब तक इसका बढ़िया से इलाज कराया जाएगा, तू साथ दे दिए।
दूसरा युवक : टेंशन नहीं लें।
पहला युवक : भाई रात से मैं नहीं सो पाया हूं, भाई पता करिये वे लड़के कहां बैठे हैं।
दूसरा युवक : कुछ बड़ी सोच रखी है, बस 15 दिन मुझे दे दो। यमुनानगर में कोई हो तो बात कर।
दूसरा युवक : ठीक है।
पहला युवक : चार लड़के चाह रहे हैं, पक्की फील्डिंग सेट है, कल इसका गेम ओवर हो जाएगा।
एक अन्य ऑडियो में घर में घुसकर मारने की बात भी कही जा रही है।