‘कार्रवाई नहीं हुई तो होगी हिंदू पंचायत’
स्वामी यशवीर महाराज ने कहा कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो भदौड़ा गांव में बड़ी हिंदू पंचायत आयोजित की जाएगी। उन्होंने धर्मांतरण में शामिल बताए जा रहे सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
करीब चार साल पहले गांव आया था युवक
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक करीब साढ़े तीन से चार वर्ष पहले भदौड़ा गांव आया था। जांच अधिकारी कुलदीप के अनुसार युवक का नाम प्रवेश पटना है और उसे मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार गुलजार उसे अंबाला से भदौड़ा लेकर आया था और इसके बाद वह गांव में ही रहने लगा।
निकाह की भी जांच
जांच अधिकारी के अनुसार युवक के निकाह की भी जांच कराई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि निकाह कब, कहां और किन परिस्थितियों में हुआ।
पुलिस बोली- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
जांच अधिकारी कुलदीप ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद जांच के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपों से जुड़े तथ्यों और युवक की स्थिति की जानकारी जुटा रही है।