शामली में जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने कहा कि किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि वे किसानों को फसल बीमा समेत अन्य योजनाओं के प्रति जागरूक करें ताकि वे लाभ उठा सकें। इस दौरान शाक-सब्जियों को भी बीमा योजना में शामिल करने को कहा गया।
बृहस्पतिवार में कलक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अधिक से अधिक किसानों को आच्छादित करने पर जोर दिया। उन्होंने एलडीएम हरपाल सिंह तोमर समेत अन्य सहयोगियों को योजना के अधिक प्रचार प्रसार के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी भरतजी पांडेय ने कृृषि उपनिदेेशक, बीमा कंपनी एवं बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिए कि थानाभवन तथा कैराना क्षेत्र में शाक-सब्जियों का उत्पादन किया जाता है। उनकी फसलों का भी सर्वे कर बीमा योजना में शामिल करें।
बीमा कंपनी के प्रतिनिधि विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि बीते वर्ष लगभग 40 हजार किसानों की फसल का बीमा किया गया है। आगे भी किसान फसल का बीमा कराने के लिए बीमा कंपनी के प्रतिनिधि दीपक गुप्ता से संपर्क कर सकते हैं। कृृषि उप निदेशक आनंद त्रिपाठी ने बताया कि रबी की फसलों में गेहूं एवं सरसों का बीमा कराया जाना है।
गैर ऋणी किसानों को प्रति हेक्टेअर गेहूं की फसल के 864 रुपये तथा सरसों की फसल के बीमा करने के 508 रुपये प्रति हेक्टेयर का प्रीमियम बैंक में जमा कराना होगा। बैठक में बीमा कंपनी के प्रतिनिधि, तहसीलदार वीरेंद्र मित्तल आदि अधिकारी उपस्थित रहे।