शामली। दिल्ली से शामली तक शुरू की गई सेवा सर्विस सीएनजी ट्रेन पहले दिन ही सवा घंटे लेट पहुंची। गंगोह उपचुनाव की तैयारी में व्यस्त होने के कारण भाजपा सांसद, विधायक और कार्यकर्ता नई ट्रेन का स्वागत करने तक नहीं पहुंच सके।
मंगलवार को सेवा सर्विस ट्रेन के लिए स्वागत के लिए भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी समेत जनप्रतिनिधियों के लिए मंच बनाया गया था। मगर, गंगोह उपचुनाव में व्यस्तता के चलते भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी समेत भाजपा के जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाएं। जनप्रतिनिधि के न आने से मंच खाली रह गया। रेलवे के अफसरों और सवारियों ने ही ट्रेन का स्वागत किया। पहले ही दिन यह ट्रेन सवा घंटे लेट पहुंची। रेलवे अफसरों के मुताबिक ट्रेन के शाम पांच बजे पहुंचने का दावा किया गया था, लेकिन यह शाम छह बजकर बीस मिनट पर शामली पहुंची। आधा घंटे तक शामली रेलवे स्टेशन पर रोकने के बाद ट्रेन को शामली से दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
उत्तर रेलवे के यातायात निरीक्षक सुनील धीमान ने बताया कि सेवा सर्विस ट्रेन सुबह 8.40 बजे दिल्ली से चलकर शामली दोपहर 11.50 बजे पहुंचेगी। शामली से दोपहर दो बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन दिल्ली से 51917 और शामली से दिल्ली के लिए 51918 बनकर चलेगी। उन्होंने बताया कि भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी को बुलाया गया था, मगर गंगोह उपचुनाव के कारण नही आपाए है।
इस मौके पर उत्तर रेलवे के यातायात निरीक्षक सुनील धीमान, स्टेशन अधीक्षक सुधीर कुमार, सहारनपुर के सिगनल इंजीनियर आरपी सक्सेना, रेलवे अस्पताल के अधीक्षक डाक्टर देवेंद्र चौधरी, आरपीएफ के थाना प्रभारी प्रांजल कुमार वोरा, अग्रवाल मित्र मंडल के महासचिव अनुज बंसल, शामली चीनी मिल के मनोज चौधरी मौजूद रही।
बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक बंद नहीं हुुआ
शामली। बुढ़ाना रोड़ रेलवे फाटक बंद न होने सेवा सर्विस सीएनजी ट्रेन आधा घंटे तक आउटर पर खड़ी रही। लाइन क्लियर होने के बाद ही सेवा सर्विस ट्रेन शामली रेलवे स्टेशन पर पहुंच पाई। रेलवे के अफसरों ने बताया कि बुढ़ाना रोड स्थित रेलवे फाटक यातायात के चलते बंद नही हो पाया। रेलवे फाटक बंद होने के बाद सेवा सर्विस ट्रेन को रेलवे स्टेशन पर लाया गया।