शामली। यूपी रोडवेज की बसों में 362 नए चालकों एवं परिचालकों को संविदा पर नौकरी पर रखा जाएगा। ज्यादा से ज्यादा रोडवेज बसों के अनुबंध करने की औपचारिकता पूरी करने की कवायद शुरू हो गई है। इन पदाें के लिए ऑनलाइन 450 आवेदन आए थे। जल्द ही चालकों, परिचालकों का चयन होने की संभावना है।
यूपी रोडवेज के सहारनपुर परिक्षेत्र में यूपी रोडवेज के सहारनपुर, छुटमुलपुर, मुजफ्फरनगर, खतौली, गंगोह, शामली डिपो कार्यरत हैं। इन रोडवेज डिपो में ज्यादातर चालक-परिचालक सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इससे रोडवेज में चालकों एवं परिचालकों का टोटा हो रहा है। इसीलिए संविदा से चालक परिचालक भर्ती कराई जा रही है।
परिवहन निगम शामली के एआरएम युजवेंद्र ने बताया कि 362 में 150 चालक और 212 परिचालक पद हैं। इनके लिए यह तैयारी चल रही है। शामली रोडवेज के स्टेशन अधीक्षक राजेंद्र चौहान ने बताया कि शामली- गंगोह अनुबंधित बसों के डिपो हैं। इन बसों पर चालक तो निजी बसों का होता है। परिचालक निगम को रखना होता है। दोनों डिपो को 15-15 परिचालक कम है। जहां निगम के डिपो हैं, वहां निगम की बसों के लिए चालकों और परिचालकों को रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए ऑनलाइन 450 आवेदन भरे गए थे। इनमें रखी गई योग्यता के अनुरूप चयन शुरू किया जाएगा।