शामली। गांव बहावड़ी में राजस्व टीम द्वारा जेसीबी से अवैध कब्जा हटवाने के दौरान 90 वर्षीय वृद्ध करी हृदय गति रुकने से मौत हो गई। उसके भाई के घर के बाहर रास्ते पर चबूतरा बनाया गया था।
गांव बहावड़ी की प्रधान निर्मला देवी की तरफ से कुछ दिन पहले डीएम जसजीत कौर से गांव के मुख्य रास्ते पर ओमपाल सिंह के घर के बाहर चबूतरा बनाकर अवैध कब्जे की शिकायत की गई थी। कलक्ट्रेट में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फिर से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की गई। इस पर राजस्व और पुलिस टीम जेसीबी के साथ गांव पहुंचीं। बताया कि जिस समय चबूतरे को जेसीबी से तोड़ा जा रहा था, उसी समय वहां मौजूद ओमपाल के वृद्ध भाई हरदम सिंह अचानक गिर पड़े। परिजन उसे लेकर सीएचसी शामली पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव गांव ले आए।
वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपक चतुर्वेदी के मुताबिक परिजनों का कहना है कि मृतक के पुत्र गांव से बाहर हैं। उनके आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराने के बारे में कुछ कह पाएंगे। वहीं, इस संबंध में एसडीएम सदर बृजेश कुमार सिंह का कहना है कि गांव बहावड़ी में प्रधान की तरफ से ओमपाल के घर के बाहर रास्ते में चबूतरा बनाकर अवैध कब्जे की शिकायत मिली थी। राजस्व और पुलिस टीम ने उसे हटवा दिया। राजस्व टीम के गांव से लौटने के बाद वृद्ध की हृदय गति रुकने से निधन होने की जानकारी मिली है। उनका कहना है कि वृद्ध को पहले से बीमार होना बताया है। वहीं, परिजनों की तरफ से अभी तक शिकायत नहीं मिली है।