खौलते कढ़ाए में गिरकर झुलसा युवक
शामली, कैराना। आंधी के कारण कोल्हू का छप्पर गिरने से वहां काम कर रहा युवक खौलते कढ़ाए में गिरकर झुलस गया। परिजन युवक को उपचार के लिए मुजफ्फरनगर ले गए।
गांव घिसुगढ़ निवासी 20 वर्षीय धर्मेंद्र अलीपुर के पास स्थित कोल्हू पर काम करता है। शनिवार रात करीब नौ बजे धर्मेंद्र कोल्हू में कढ़ाए के पास बैठा था। इसी दौरान तेज आंधी व बारिश के कारण कोल्हू का छप्पर गिर गया तथा छप्पर के झोंक में आकर धर्मेंद्र खौलते कढ़ाए में गिर कर बुरी तरह झुलस गया। चीख सुनकर कोल्हू पर काम कर रहे दूसरे लोगों ने धर्मेंद्र को बाहर निकाला और मुजफ्फरनगर ले गए। अलीपुर के पूर्व प्रधान यशपाल ने बताया कि परिजन धर्मेंद्र को मुजफ्फरनगर के पास एक गांव में आयुर्वेदिक उपचार के लिए ले गए।