आग में झुलसी महिला की मौत
कैराना। तीन माह पहले आग से झुलसी महिला की दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
रामपुर मनिहारन निवासी मेहरबान की बेटी रूकसार का निकाह करीब डेढ़ साल पहले गाजीपुर निवासी सागर के साथ हुआ था। रूकसार की एक बेटी है। शनिवार को रूकसार का पिता मेहरबान व पति सागर कोतवाली पहुंचे तथा पुलिस को बताया कि रूकसार करीब तीन माह पहले आग में झुलस गई थी और उसका दिल्ली के गुरु तेगबहादुर अस्पताल में उपचार चल रहा था। शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई तथा दोनों पक्ष उसका पोस्टमार्टम कराना नहीं चाहते। इस लिए कोतवाली पुलिस से लिखवा कर मंगाया गया। एसएसआई संदीप वर्मा ने कहा कि आग में झुलसी महिला की मौत पर दिल्ली अस्पताल में पीएम होना जरूरी है। जिसके बाद मृतक का पिता व पति शव को लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए।
चोरी की ट्राली सहित दो गिरफ्तार
झिंझाना। पुलिस ने बिडोली चैक पोस्ट पर करनाल की ओर से आए दो लोगों को चोरी की ट्राली सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को बिडौली चैक पोस्ट पर करनाल की ओर से ट्रैक्टर ट्राली लेकर आए दो युवकों को मुखबिर की सूचना पर पकड़ लिया। थाना प्रभारी पीके सिंह ने बताया की पकड़े गए दोनों युवक शौकीन व इंतजार निवासी गांव तावली थाना शाहपुर जनपद मुजफ्फरनगर निवासी हैं। उनके कब्जे से हरियाणा के थाना चंडी मंदिर जिला पंचकुला से चोरी हुई ट्राली बरामद हुई है। चंडी पुलिस को सूचना दे दी गई है। दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।