25 दिन बाद खुले विद्यालय, विद्यार्थियों की संख्या रही कम
शामली। कोरोना संक्रमण की दर में कमी आने पर 25 दिन बाद जिले के विद्यालय खुले। हालांकि विद्यार्थियों की संख्या कम रही। कोविड प्रोटोकॉल के तहत कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं संचालित की गईं। हालांकि शहर व कस्बों के करीब 20 से अधिक विद्यालयों में मतदान के लिए आई फोर्स के ठहरने की वजह से शिक्षण कार्य शुरू नहीं हुआ।
शासन ने कोरोना संक्रमण कम होने पर सोमवार से स्कूल-कालेजों में कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं कोविड प्रोटोकॉल के तहत संचालित करने के निर्देश जारी किए थे। सोमवार को सुबह विद्यालयों में विद्यार्थी पहुंचने शुरू हो गए थे। हालांकि विद्यार्थियों की संख्या काफी कम रही। श्री जैन कन्या इंटर कालेज शामली की प्रधानाचार्या डॉ. रुचिता ढाका ने बताया कि छात्राओं की गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग, सैनिटाइज और मास्क लगाने के बाद प्रवेश दिया गया। कक्षा में छात्राओं को सोशल डिस्टेंस के साथ बैठाया गया। कक्षा 9 से 12 तक 913 छात्राओं में 112 छात्राएं ही पहुंचीं।
सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कालेज के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने बताया कि 350 छात्राओं में 85 छात्राएं पहुंची। सभी की थर्मल स्क्रीनिंग व सैनिटाइज कराया गया। सभी ने मास्क लगाया था। आरके इंटर कालेज शामली के प्रधानाचार्य लोकेंद्र सिंह ने बताया कि विद्यालय में मतदान के लिए फोर्स ठहरने की वजह से शिक्षण कार्य कराना संभव नहीं था। जो छात्र विद्यालय पहुंचे, उन्हें वापस भेजा गया। अब मतदान के बाद ही कक्षाएं संचालित हो सकेंगी। हिंदू कन्या इंटर कालेज की प्रधानाचार्य डॉ. रुपाली गर्ग ने बताया कि रात में फोर्स विद्यालय में पहुंच गई थी, जिस कारण कक्षाएं नहीं चली।
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के प्रधानाचार्य आनंद शर्मा ने बताया कि कालेज में फोर्स ठहरी है। इस वजह से उन्होंने सोमवार के लिए मैसेज नहीं भेजा था। मंगलवार को कक्षा 10 व 12 के विद्यार्थियों को बुलाया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि जिले के शहर और कस्बों के 20 से अधिक विद्यालयों में मतदान के लिए आई फोर्स को ठहराया गया है, जिस कारण वहां पर कक्षाएं नहीं चली। ग्रामीण क्षेत्रों के सभी विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं संचालित हुईं, जिनमें विद्यार्थियों की संख्या कम रही।
जैन कन्या इंटर कॉलेज में कोरोना प्रोटोकॉल के साथ पढ़ाई करते छात्र-छात्रा।- फोटो : SHAMLI