कैराना। कोरोना संक्रमण कम होने के बाद शासन के आदेश पर कक्षा 6 से कक्षा 8 तक के विद्यालय बुधवार से खोले गए। स्कूल खुलने से पूर्व सभी स्कूलों में सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया था।
कैराना क्षेत्र में कक्षा 8 तक के करीब 33 स्कूल हैं। सभी स्कूलों में कोविड-19 गाइड लाइन का पालन किया जा रहा है। केएनए पब्लिक स्कूल के प्रबंधक सलीम अहमद ने बताया कि लॉकडाउन लगने के बाद बच्चों की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन क्लास चलाई जा रही थी। अब शासन के निर्देश के बाद कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए कक्षा 6 से कक्षा 8 तक के स्कूल खोले गए हैं। उन्होंने स्कूल के प्रवेश द्वार पर गोल घेरे बनवाए हैं, ताकि बच्चों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जा सके। पहले दिन स्कूल में कक्षा छह में 150 बच्चों में से 30 बच्चे ही स्कूल आए। कक्षा 7 में 120 में से 25 बच्चे और कक्षा 8 में 90 में से 30 बच्चे आए।
---
हवन के साथ विद्यालयों में शुरू किया शिक्षण कार्य
जलालाबाद। जलालाबाद में कक्षा 6 से 8 तक के उच्च प्राथमिक जूनियर स्कूल खुले। ग्रीन वैली जूनियर पब्लिक स्कूल में सामूहिक हवन यज्ञ किया गया। डीएवी स्कूल, न्यू मॉडर्न जूनियर स्कूल, वशिष्ट विद्या मंदिर, उच्च प्राथमिक स्कूल आदि सभी स्कूल में सैनिटाइजेशन कर व बच्चों को मास्क लगाकर छात्र-छात्राओं को कक्षा में भेजा गया। प्रधानाचार्य चौधरी चंद्रसेन, प्रधानाचार्य चंदगीराम आर्य, देवेंद्र शर्मा, शोभाराम आदि छात्र-छात्राओं को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।
-----
अभिभावकों के सहमति पत्र के साथ विद्यालय पहुंचे
चौसाना। बुधवार को चौसाना क्षेत्र में कक्षा छह से आठ तक के स्कूल खुले। पहले दिन बच्चे अभिभावकों के साथ पहुंचे। अभिभावकों से सहमति पत्र लेने के बाद छात्रों को स्कूलों में प्रवेश दिया गया। स्कूल खुलने से पहले परिसर की साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन को पूरा कर लिया था। ज्योति बा फूले इंटर कालेज, जयभारत इंटर कालिज, एसडीएम जूनियर हाई स्कूल, गुरु गोविंद सिंह हाई स्कूल, मैक्सिकन जूनियर हाई स्कूल, गोल्डन फ्यूचर जू.हा. स्कूल के साथ उच्च प्राथमिक स्कूलों में कोविड से बचाव के नियम का पालन करते हुए कक्षा संचालित की गई। ज्योति बा फूले इंटर कालेज के प्रबंधक कंवरपाल सैनी ने बताया कि शासन की गाइड लाइन के अनुसार अभिभावकों के सहमति पत्र के साथ बच्चे स्कूल आए। पहले दिन बच्चों की संख्या कम रही।