शामली। जवाहर नवोदय विद्यालय शामली में कक्षा नौ के लिए प्रवेश परीक्षा शनिवार को होगी। प्रवेश परीक्षा के लिए जिले में सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल शामली को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। कक्षा नौ में दो सीट के लिए 417 विद्यार्थी प्रवेश परीक्षा देंगे।
जवाहर नवोदय विद्यालय शामली में कक्षा नौ में प्रवेश के लिए दो सीट खाली है। इस कक्षा के लिए प्रवेश परीक्षा शनिवार को कैराना रोड स्थित सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल शामली में पूर्वान्ह सवा 11 बजे से दोपहर एक बजकर 45 मिनट तक होगी। प्राचार्य किरण प्रकाश ने बताया कि कक्षा नौ के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा के लिए 417 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा में कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। विद्यार्थी मास्क लगाकर परीक्षा देंगे। प्राचार्य ने बताया कि कक्षा नौ में मात्र दो सीट रिक्त है, जिनके लिए प्रवेश परीक्षा कराई जा रही है। परीक्षा की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।