क्षेत्र के गांव वेदखेड़ी में घेर में सो रहा युवक संदिग्ध हालात में गोली लगने से घायल हो गया। परिजनों ने घायल युवक को शामली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से युवक को मेरठ रेफर किया गया। पुलिस ने गांव में पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की।
मंगलवार रात गांव वेदखेड़ी निवासी अंकित सैनी अपने घेर में सो रहा था। बुधवार सुबह अचानक कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली चलने की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो युवक खून से लथपथ चारपाई पर घायलावस्था में मिला। युवक को गोली लगी देख परिजनों के होश उड़ गए। आनन फानन में परिजन घायल अंकित को लेकर शामली के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत के चलते युवक को हायर सेंटर रेफर कर दिया। युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है । थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि युवक को गोली लगने की सूचना मिलने पर पुलिस ने गांव में पहुंचकर घटना की छानबीन की। युवक को गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर किया गया है। अभी इस मामले में तहरीर नहीं आई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।