दोबारा हुई आरपीएफ पुलिस कर्मियों की सैंपलिंग
शामली। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आरपीएफ थाने के पुलिसकर्मियों और स्टाफ के 20 सैंपल लिए गए हैं। इनमें उन आठ पुलिसकर्मियों के भी सैंपल दोबारा लिए गए है, जो दिल्ली जाते समय रास्ते से उतरकर लापता हो गए थे। जनपद में अलग-अलग स्थानों से 42 लोगों के सैंपल लिए गए हैं।
बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आरपीएफ थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों और स्टाफ के सैंपल लिए। आरपीएफ थाना प्रभारी पीके बोहरा ने बताया कि 10 मई को दिल्ली क्वारंटीन के लिए भेजे गए जो आठ पुलिसकर्मी रास्ते से लापता हो गए थे, उनके बुधवार शाम को वापस आने पर दोबारा सैंपल लिए गए है। इसके अलावा क्वारंटीन हुए पुलिसकर्मियों के भी दोबारा सैंपल लिए गए है। दिल्ली से ड्यूटी पर आए एक पुलिसकर्मी का भी सैंपल लिया गया है। पुलिसकर्मियों और स्टाफ को मिलाकर 20 सैंपल लिए गए है। आरपीएफ थाना प्रभारी ने बताया कि वापस लौटे पुलिसकर्मियों को कोविड 19 को लेकर क्वारंटीन के लिए बुलाया गया है। 10 मई को पुलिस रिकार्ड में उनके बीच रास्ते से गायब होने की जो एंट्री दर्ज है, उसके बारे में अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उस बारे में निर्णय लिया जाएगा। इसके अलावा 12 लोगों के सैंपल में सीएचसी शामली में, शेल्टर होम से आठ और क्वारंटीन वार्ड से दो सैंपल लिए गए है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि सभी सैंपलों को जांच के लिए मेरठ भेजा जाएगा।