जलालाबाद में सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त हुई बस।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के जलालाबाद में सहारनपुर से शामली की तरफ आ रहे बाइक सवार दो लोगों को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की शिनाख्त सहारनपुर के मोरा किसान सेवा सहकारी समिति के चेयरमैन ब्रजपाल सिंह (35) निवासी ओमरी बजबता के रूप में हुई है।
वहीं, घायल युवक मनीष कुमार (25) पुत्र सोमनाथ बड़गांव क्षेत्र के गांव जड़ौदा पांडा का रहने वाला है। दोनों लोग बुधवार रात बाइक से शामली की तरफ आ रहे थे। जब वह दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर थानाभवन थाना क्षेत्र में जलालाबाद से आगे पहुंचे, तो शामली की ओर से सहारनपुर जा रही रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। रोडवेज बस सड़क किनारे खाई में उतर गई।
ब्रजपाल और मनीष बाइक सहित सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण ब्रजपाल सिंह की मौत हो गई, जबकि मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर थानाभवन थानाध्यक्ष और जलालाबाद चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लहूलुहान दोनों लोगों को थानाभवन चिकित्सालय लाया गया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने ब्रजपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने ब्रजपाल सिंह की जेब से मिली डायरी से नंबरों पर संपर्क किया, जिसके बाद उनकी शिनाख्त हो सकी। देर रात तक पुलिस उनके परिजनों को सूचना देने के बाद कार्रवाई में जुटी रही।