गढीपुख्ता के गांव भैसवाल में नहर माजरा की कच्ची सडक
- फोटो : SHAMLI
चौसाना। बिडौली-गंगोह मार्ग को जोड़ने वाला यमुना बांध के किनारे बना खस्ताहाल मार्ग ग्रामीणों की परेशानी का सबब बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि मार्ग के बदतर हालत होने के कारण दुर्घटना व बदमाशों से लूटपाट का खतरा भी राहगीरों को रहता है। आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका।
ग्रामीण बताते हैं कि दो साल पूर्व सड़क निर्माण के लिए ठेकेदार के मजदूरों ने सड़क को उखाड़कर समतल किया था, लेकिन उसके बाद किसी ने इस मार्ग की सुध नहीं ली। सड़क का निर्माण नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत जिले के उच्चाधिकारियों को भी की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समय अंतराल में कई बार राहगीर लूटपाट का शिकार हो चुके हैं। कई लोग दुर्घटना में घायल हो चुके हैं। वहीं पूर्व ग्राम प्रधान नाईनगला महिपाल सिंह का कहना है कि दो साल पूर्व सड़क के निर्माण की प्रक्रिया को शुरू हुई थी। लेकिन सड़क उखाड़ने के बाद इसका निर्माण नहीं हुआ। सड़क का निर्माण कार्य कागजों में पूरा हो चुका है। जिसकी हमने शिकायत भी प्रशासन से की है। इस दौरान जगपाल, रामकुमार, संसार सिंह, बबलू, चरणपाल, इंदरपाल, रामपाल, विक्रम, देवेंद्र, ओमपाल आदि ने सड़क के जल्द निस्तारण की मांग की है।