शामली। गांव मुंडेटकलां निवासी किसान लोम कुमार का धोखे से एटीएम कार्ड बदलकर 1,49,420 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने अपनी बेटी की शादी के लिए रुपये बैंक में जमा कर रखे थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पीड़ित लोम कुमार ने आदर्श मंडी थाने पर दी तहरीर में बताया कि तीन अप्रैल की सुबह करीब साढ़े दस बजे वह गांव में बैंक के एटीएम से अपने खाते से 25 हजार रुपये निकलवाने गया था। उसी दौरान एटीएम कक्ष में उसके पीछे घुसे अनजान व्यक्ति से धोखे से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और उसके खाते से 1,49,420 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने बताया उसने यह रुपये अपनी बेटी की शादी के लिए खाते में जोड़ रखे थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखी तो उसमें आरोपी कैद हो गया। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।