कांधला। कस्बा एलम स्थित सहकारी समिति पर खाद न मिलने से किसानों में रोष फैल गया। शनिवार को किसानों ने समिति पर पहुंचकर हंगामा प्रदर्शन किया और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
सहकारी समिति से भनेड़ा, नाला, कनियान सहित आसपास के कई गांवों के किसान डीएपी और यूरिया लेने के लिए आते हैं। किसानों का आरोप है कि बार-बार चक्कर काटने के बावजूद उन्हें पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी फसलों पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। प्रदर्शन कर रहे किसान आशीष, मोनू, शिवकुमार, राहुल, निशु समेत अन्य किसानों ने बताया कि समय पर खाद न मिलने से बुवाई और फसल की देखभाल प्रभावित हो रही है। उन्होंने जल्द से जल्द खाद की आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की।
इस दौरान समिति परिसर में काफी देर तक हंगामा चला। बाद में किसी तरह किसानों को शांत कराया गया।