कादरगढ़ गांव में बच्चों को गन प्वाइंट पर लेकर डकैती
थानाभवन (शामली)। थाना क्षेत्र के कादरगढ़ गांव में छह से ज्यादा नकाबपोश बदमाशों ने एक परिवार के सात सदस्यों को बंधक बनाकर डकैती डालकर सनसनी फैला दी। बदमाश शुक्रवार की रात लाखों के जेवरात और 11 हजार की नकदी लूटकर ले गए। पीड़ितों के मुताबिक बदमाश कच्छा-बनियान पहने हुए थे। इस घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सुकीर्ति माधव सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की। उधर, पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गांव कादरगढ़ में गांव के बाहरी छोर पर बिजेंद्र पुत्र जयपाल का मकान है। शुक्रवार की रात बिजेंद्र का पुत्र महेश अपनी पत्नी सुषमा के साथ घर की छत पर बने कमरे में सो रहा था। बिजेंद्र अपनी पत्नी कांता व महेश के तीन बच्चों तरूशी, पीयूष व गुड्डा के साथ नीचे बने कमरों में सो रहे थे। देर रात लगभग एक बजे छह से ज्यादा बदमाश मकान के बराबर में खाली पड़े घेर से दीवार फांद कर घर में घुस आए। कमरे में सो रहे बच्चों व बिजेंद्र आदि को गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया। बालिका तरूशी को लेकर बदमाश छत पर पहुंचे तथा महेश व उसकी पत्नी को भी गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया।
बदमाश सभी को लेकर मकान की निचली मंजिल पर बने कमरों में ले आए। बदमाशों ने बच्चों को गन प्वाइंट पर लेकर महिलाओं को धमकाते हुए अलमारी व बक्सों की चाबी मांगी। खौफजदा महेश की पुत्री तरूशी ने बदमाशों को चाबी दे दी, जिसके बाद बदमाशों ने घर में रखे बक्से व अलमारी खंगाले। वहां रखे सोने के पैंडल, तीन जोड़ी कुंडल, नाक की नथ, एक अंगूठी व चांदी की 250 ग्राम पाजेब सहित तीन पाजेब, एक तगड़ी और 11 हजार की नकदी लूट ली। बदमाश करीब एक घंटा घर में रहे। इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों को एक कमरे में बंद कर फरार हो गए।
शोरशराबा सुनकर ग्रामीण पीड़ितों के घर पहुंचे और कमरे को खोलकर उन्हें मुक्त कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। सूचना पर पहुंचे एडिशनल एसपी ओपी सिंह ने मामले की जानकारी ली। मौके पर डॉग स्क्वॉड टीम को बुलाया गया। इसके बाद एसपी सुकीर्ति माधव ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने घटना के जल्द खुलासे के निर्देश दिए। थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा का कहना है कि तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
शामली : थानाभवन क्षेत्र के गांव कादरगढ़ में डकैती के बाद मौके पर जमा लोगों की भीड़।- फोटो : SHAMLI
शामली : थानाभवन क्षेत्र के गांव कादरगढ़ में डकैती के बाद घटना की जानकारी लेने पहुंचे एएसपी ओपी सि?- फोटो : SHAMLI