मुठभेड़ में लूट का आरोपी गिरफ्तार
शामली। आदर्श मंडी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से तमंचा, लूट में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई है। गिरफ्तार बदमाश ने छह दिन पहले महिला से पर्स छीना था।
बृहस्पतिवार को एसपी नित्यानंद राय ने बताया कि जिले में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान थाना आदर्श मंडी पुलिस को बदमाश के बाइक पर आने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस ने गांव किरोड़ी अंडर पास के निकट हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए बदमाश का नाम फराजुर्रहमान निवासी बघरा थाना तितावी जनपद मुजफ्फरनगर है। गिरफ्तार बदमाश ने तीन अक्तूबर को मोहल्ला विवेक विहार में घर के बाहर खड़ी महिला से पर्स छीन लिया था। उसके कब्जे से तमंचा, दो कारतूस और लूट में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है। लूटे गए के पर्स में रखे 1200 रुपये, मोबाइल फोन, आधार कार्ड बरामद हुआ है। महिला के ससुर यशपाल की तरफ से आदर्श मंडी थाने पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। एसपी ने बताया कि बदमाश पर पूर्व में शहर कोतवाली में लूट और आर्म्स एक्ट के पांच मुकदमे और एक मुकदमा हरियाणा के जिला पानीपत के थाना चांदनी बाग में दर्ज है।