शामली। एसडीएम सदर एमपी सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने थानाभवन कस्बे के मोहल्ला रेतीवाला में सड़क खुदवाकर इंटरलॉकिंग की जांच की। टीम ने इंटरलॉकिंग का नमूना लिया है, जिसकी लोकनिर्माण विभाग द्वारा जांच कराई जाएगी। एसडीएम और सीओ ने रसीदगढ़ में पहुंचकर अंबेडकर प्रतिमा का मुआवना करके ग्रामीणों से वार्ता की।
थानाभवन नगर पंचायत ने वार्ड 16 में गौरे गरीबा के मकान के कोने से लेकर मांगेराम की दुकान तक 70 मीटर इंटरलॉकिंग का निर्माण किया था। कस्बे के लोगों ने इंटरलॉकिंग निर्माण में खामियां का आरोप लगाकर जांच कराने की शिकायत डीएम से की गई थी।
डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर एमपी सिंह के नेतृत्व में टीम गठित करके जांच रिपोर्ट तलब की गई थी। रविवार को एसडीएम सदर एमपी सिंह, डीआरडीए के सहायक अभियंता दिनेश सिंघल, थानाभवन सीओ सुशील त्यागी आदि ने थानाभवन के वार्ड 16 में मोहल्ला रेतीवाला में 70 मीटर इंटरलॉकिंग की जांच की।
डीआरडीए के सहायक अभियंता दिनेश सिंघल ने बताया कि इंटरलॉकिंग की गोरे गरीबा के मकान के कोने से लेकर मांगेराम की दुकान तक जांच की गई। एसडीएम सदर ने बताया कि मार्ग समतल नहीं मिली है। इंटरलॉकिंग की खुदाई करके जांच की, जो पुरानी पाई गई। इंटरलॉकिंग का नमूना लिया गया है।
उधर, एसडीएम सदर एमपी सिंह ने बताया कि सीओ थानाभवन के साथ रसीदगढ़ गांव में जाकर अंबेडकर प्रतिमा को निरीक्षण करके अधूरे कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों के साथ बैठक करके सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने अपील की।