कैराना, ऊन में रालोद का धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपे
कैराना/चौसाना। रालोद कार्यकर्ताओं ने किसान क्रांति दिवस मनाते हुए नए कृषि कानूनों के विरोध में तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया और राज्यपाल के नाम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे।
शनिवार को कैराना तहसील में में रालोद के वरिष्ठ नेता चौधरी कंवर हसन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने किसान क्रांति दिवस मनाया। कचहरी के गेट से तहसील मुख्यालय तक कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, गन्ने के भुगतान की मांग कराने, कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग करते हुए नारेबाजी की। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख वाजिद अली ने बताया कि किसानों की फसलों पर लागत बढ़ गई है और मंडियों में लाभकारी मूल्य नहीं मिल रहा है। इसके बाद, कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित नौ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन तहसीलदार प्रियंका जायसवाल को सौंपा। इस दौरान विक्रांत जावला, सत्यवीर सिंह, शौकत जंग, चौधरी मतलूब हसन, चौधरी सोहनपाल सिंह, बिजेंद्र सिंह, अरविंद पंवार, विनोद कुमार, महावीर सिंह, तौसीफ सिद्दीकी व दानिश आदि मौजूद रहे। रालोद के धरना प्रदर्शन को लेकर तहसील परिसर में पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे।
चुनावी वादा पूरा नहीं कर सकी सरकार
चौसाना। शनिवार को ऊन तहसील पर सुबह नौ बजे से ही रालोद कार्यकर्ताओं व किसानों का पहुंचना शुरू हो गया था। पूर्व विधायक राव अब्दुल वारिस ने कहा कि पिछले नौ महीनों से किसान एमएसपी को लेकर धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार दमनकारी नीति को अपनाकर किसानों की बातों को अनसुना कर रही है और अपने चुनावी वादों से भाग रही है। जिलाध्यक्ष मुकेश सैनी ने कहा कि सरकार का रवैया तानाशाही का है। किसानों ने अपनी मांगों को रखा और तहसीलदार अजय कुमार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर अनवर चौधरी ,पंकज सरोहा, आशुतोष, अमित कुमार, सुरेंद्र सिंह, गंदेवडा, गुलाब सिंह, विपिन, राजकुमार, अरविंद, सचिन सरोहा, प्रविन्दर, सहदेव, गुलाब सिंह, नाजिम आदि मौजूद रहे।
तहसीलदार व किसानों के बीच हुई नोकझोंक
चौसाना। शनिवार को ऊन तहसील में रालोद के धरने पर एसडीएम मणि अरोड़ा के अवकाश पर होने के कारण तहसीलदार अजय कुमार को किसानों ने ज्ञापन सौंपने के लिए बुलाया। तहसीलदार किसानों के बीच पहुंचे तो धरने के बीच से एक वक्ता ने अपना भाषण शुरू कर दिया गया। इस पर तहसीलदार अजय कुमार ने ज्ञापन देने की बात कही। भाषण चालू रहने पर तहसीलदार धरना स्थल से चलने लगे तो किसानों ने उन्हें अपने बीच में बैठा लिया। इस दौरान किसानों व तहसीलदार के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस ने बीच-बचाव किया और किसानों को समझाकर मामले को शांत किया गया। इसके बाद तहसीलदार ने किसानों का विभिन्न मांगों से संबोधित ज्ञापन प्राप्त किया। इसके बाद करीब करीब ढ़ाई बजे धरना समाप्त हुआ।
कैराना में तहसीलदार प्रियंका जयासवाल का ज्ञापन देते रालोद कार्यकर्ता- फोटो : SHAMLI
ऊन तहसील में धरने पर बैठे रालोद कार्यकर्ता- फोटो : SHAMLI