शामली। गोहरनी रजवाहे की पटरी टूटने से शामली के समीप किसानों की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई है। सूचना पर पूर्वी यमुना नहर खंड के अफसर वहां पहुंचे और टूटे रजवाहे की पटरी की मरम्मत कराने में जुट गए।
पूर्वी यमुना नहर खंड का गोहरनी रजवाहा शामली शहर के कांबोज कालोनी, पंजाबी कालोनी होकर गुजरता है। इसके दोनों ओर आबादी है। पूर्वी यमुना नहर खंड ने रजवाहे की सफाई कराकर शनिवार शाम पानी छोड़ दिया था। रजवाहे के पुल के नीचे झाड़ और कूड़ा करकट आने से पानी पटरी के ऊपर गुजर कर आसपास के किसानों की खेतों में भर गया है।
पानी का बहाव तेज होने के कारण रजवाहे की पटरी क्षतिग्रस्त गई। जिससे एक दर्जन किसानों की फसल जलमग्न हो गई। योगेंद्र, वेदपाल सिंह, तेजपाल सिंह, सोहनवीर, सोराज सिंह, जसवीर सिंह आदि किसानों ने बताया कि रजवाहे की पटरी क्षतिग्रस्त होने से आलू, गेहूं और गन्ने की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों ने मुआवजे की मांग की है।
पूर्वी यमुना नहर खंड के अफसरों को इसकी सूचना दी। जिसके बाद रजवाहे का पानी बंद कराया गया। पूर्वी यमुना नहर खंड के जिलेदार अंबुज कुमार ने बताया कि रजवाहे की पटरी क्षतिग्रस्त हुई है। किसानों की रविवार सुबह सूचना मिलने पर मजदूरों को लगाकर क्षतिग्रस्त पटरी को ठीक कराया गया है।