कैराना। लड़कियों की शादी में दिए जाने वाला शादी के सामान पर छूट का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने एजेंसी प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पानीपत खटीमा राजमार्ग स्थित मोहल्ला दरबार खुर्द गुलशन नगर चौराहे के पास रॉयल एजेंसी ऑर्डर सप्लायर के नाम से एक एजेंसी खोली गई थी। एजेंसी द्वारा लड़कियों की शादी में दिए जाने वाले दहेज के सामान जैसे बेड सोफा वाशिंग मशीन फ्रिज कूलर आदि पर 40 प्रतिशत की छूट देने की बात कही गई थी। साथ ही सामान की 60 प्रतिशत कीमत जमा कराने के 12 दिन बाद सामान देने की शर्त भी रखी थी। एजेंसी के दिए गए लालच में दर्जनों लोगों ने 50 लाख से अधिक रकम जमा करा दी थी। एक दिन पहले एजेंसी बंद मिलने पर लाभार्थियों की भीड़ एजेंसी के बाहर जमा हो गई थी। जिसके बाद दर्जनों लोगों ने लाखों रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। शुक्रवार को पुलिस ने रॉयल एजेंसी ऑर्डर सप्लायर के अज्ञात प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान ने बताया कि इस एजेंसी ने जिन लोगों के साथ ठगी की हैं वह थाने में तहरीर दे रहे हैं। सभी की तहरीर को विवेचना के दौरान जांच में शामिल किया जाएगा। ठगी के मामले में कार्रवाई की जा रही है।