शामली। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बुधवार को भी पुलिस ने वीडियोग्राफी कराई। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने अपील की है कि दो दिन में व्यापारी स्वयं ही अतिक्रमण हटा लें।
बुधवार को सीओ सिटी निशांक शर्मा ने शहर के विभिन्न स्थानों पर घूमकर अतिक्रमण की वीडियोग्राफी कराई। इससे अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मचा रहा। उधर, सुभाष चौक के पास पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल कार्यालय पर व्यापारियों की मीटिंग हुई। उसमें प्रदेश अध्यक्ष घनश्यामदास गर्ग ने कहा कि हमें ऐसा मौका नहीं देना चाहिए कि पुलिस जबरन अतिक्रमण हटाने पहुंचे। इसलिए दो दिन के भीतर व्यापारी खुद ही अतिक्रमण हटा लें।
यदि कोई व्यापारी नाले के बाहर सामान रखता है, तो वह अतिक्रमण माना जाएगा। उन्होंने कहा कि नाले पर जाल लगाएं तथा बीच में तीन से चार फुट की पैड़ी बना लें, जिससे दुकान में आवागमन हो सके। अतिक्रमण हटाने में जिम्मेदार नागरिक तरह सहयोग करेंगे। यदि इसके बाद भी पुलिस प्रशासन व्यापारियों का उत्पीड़न करता है, तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस ने व्यापारियों से अतिक्रमण हटवाने में सहयोग की अपील की। इस दौरान नरेंद्र अग्रवाल, रवि संगल, पंकज, राजेश गुप्ता, गौरव बंसल, रामदयाल गुप्ता, ब्रजेश गर्ग आदि मौजूद रहे।