कैराना। सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान पंजीठ और मामौर में कस्बे से जाने वाले गंदे पानी के भराव का मुद्दा उठाया।
विधानसभा में मंगलवार को प्रश्नकाल के दौरान सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन ने जल शक्ति मंत्री से प्रश्न किया कि कैराना के गांव पंजीठ और मामौर तक कैराना से नाले द्वारा गंदा पानी जाने से जलभराव होने पर कृत्रिम झील बन जाती है। पट्टा धारकों और ग्रामीणों की भूमि बचाने के लिए सरकार क्या कोई योजना बनाई जाएगी। प्रश्न के उत्तर में मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि कैराना नगर पालिका का पानी मामौर झील में जाता है, जो राजस्व अभिलेखों में झील के रूप में दर्ज है।
नगर पालिका का पानी पट्टा धारक या किसी ग्रामीण की भूमि में सीधे नहीं जाता है। बल्कि मामौर झील का जलस्तर बढ़ जाता है तो आसपास के कुछ किसानों की भूमि में पानी भर जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत कैराना नगर के जल प्रवाह को शोधित करके यमुना नदी में डाले जाने हेतु राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन नई दिल्ली द्वारा सात दिसंबर 2020 को 78 करोड़ 42 लाख रुपये का प्राक्कलन स्वीकृत किया जा चुका है।