शामली। सावन के दूसरे सोमवार को कांवड़ियों पर भोले की कृपा बरसी। रिमझिम बारिश के बीच मौसम सुहावना हो गया। बोल बम बम बोल, हर- हर महादेव के जयघोष के बीच कांवड़ियों ने हरियाणा की ओर प्रस्थान किया।
सोमवार सुबह दस बजे के बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। दोपहर एक बजे तक रिमझिम बारिश होती रही। रिमझिम बारिश के बीच कांवड़िये बोल बम बम बोल का जयकारा लगाते हुए शिवालयों की ओर बढ़ रहे थे। भगवान आशुतोष, गणेश, संकटमोचन हनुमान की आकर्षक झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
करनाल रोड पर आरके इंटर कॉलेज के पास मां शाकंभरी देवी भवन के सामने कांवड़ सेवा शिविर शिवभक्तों की सुविधा के लिए सोमवार से शुरू हो गए हैं। दुकानदारों द्वारा भी शर्बत और फलों का वितरण कांवड़ियों को किया जा रहा है।
एसटी तिराहे के पास रजवाड़ा फार्म में सर्व मंगला शिवशक्ति सेवा समिति की आयोजित समारोह में भजन गायक पंडित अजय पाठक ने भजन प्रस्तुत किए। कैराना रोड पर शिव मंदिर को पांच सौ मीटर तक रंगीन झालरों से सजाया गया।
शिविरों में भगवान शिव का दरबार सजाया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओं द्वारा भगवान आशुतोष की विशेष पूजा अर्चना की गई। डीजे पर कांवड़ियां भजनों पर खूब थिरके। शहर के बीच स्थित शिवचौक पर डीजे पर भजन सुनने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
शहर में चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद, एसटी तिराहे पर रोका ट्रैफिक
शामली। कांवड़ियों की संख्या में बढ़ोत्तरी को देखते हुए शहर में चार पहिया वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। सोमवार को सहारनपुुर की ओर से आने वाले वाहनों को एसटी तिराहे पर रोक दिया गया, जबकि करनाल रोड की तरफ से आते वाहनों को आरके इंटर कॉलेज पर ही रोक दिया।
ई-रिक्शा का संचालन पहले ही बंद किया जा चुका है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने सहारनपुर से शामली आ रही रोडवेज बसों को शहर के एसटी तिराहे से पूर्व रोक दिया। वहां से सवारियों को पैदल ही शहर में आना पड़ा।
बसों को वहां से करौड़ी, गोहरनी गांव के मोड़ से केएस कॉलेज होते हुए भैंसवाल गढ़ीपुख्ता रोड से पूर्वी यमुना नहर पटरी के रास्ते निकाला गया। वहीं, करनाल रोड की ओर से आने वाले चार पहिया वाहनों को आरके इंटर कॉलेज के सामने रोका जा रहा है। शहर के अजनता चौक, विजय चौक से भी चार पहिया वाहनों को शहर के भीतर नहीं जाने दिया जा रहा है। ताकि कांवड़ यात्रा मार्ग पर किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न न होने पाए।