शामली में मौसम के मिजाज ने बृहस्पतिवार को अचानक करवट ली और काले बादल आने से दिन में अंधेरा छा गया। आंधी और तेज बारिश से कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। कई जगह पेड़ उखड़ने की भी सूचना है। आंधी और बारिश से आम के बाग और गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
बृहस्पतिवार को दिन में मौसम साफ रहा और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए। कुछ ही देर में तेज आंधी शुरू हुई और दिन में ही अंधेरा छा गया। आधी से उड़ रही धूल ने लोगों को परेशान किया। करीब पांच बजे तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। जिससे शहर के कबाड़ी बाजार, नेहरू मार्किट, मिल रोड, माजरा रोड, बैंड मार्किट, पटेल नगर आदि क्षेत्रों में जलभराव हो गया। इसके अलावा देहात क्षेत्रों झिंझाना, गढ़ीपुख्ता कैराना, थानाभवन आदि क्षेत्रों में भी यही हाल रहा। कई जगह पेड़ टूटकर सड़क पर गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गए।