शामली। सोमवार को जिले में मानसून मेहरबान रहा। शामली, कैराना और चौसाना क्षेत्र में हुई बारिश ने कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। उधर किसानों के चेहरे खिल उठे। शहर में कई स्थानों पर जलभराव से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सुबह शामली और कैराना क्षेत्र में बारिश हुई, जिसके बाद दिनभर बादल छाए रहे। धूप नहीं निकलने से लोगों को उमस से राहत मिली। शहर की वर्मा मार्केट, सीबी गुप्ता कॉलोनी, धीमानपुरा रोड, रेलवे रोड और कैराना रोड पर जलभराव हो गया। सबसे अधिक परेशानी नाला पटरी क्षेत्र में हुई, जहां कई दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए।
वहीं, चौसाना क्षेत्र में दोपहर करीब डेढ़ बजे तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। लंबे इंतजार के बाद हुई बारिश से खेतों में नमी बढ़ी और किसानों ने राहत की सांस ली।
भैंसवाल के किसान सोनू और उमेश कुमार तथा कृषि अधिकारी प्रदीप यादव ने बताया कि धान, गन्ना और अन्य खरीफ फसलों के लिए यह बारिश बेहद लाभदायक है। इससे खेतों में पर्याप्त नमी बनी रहेगी और कुछ दिनों तक सिंचाई की जरूरत कम होगी। बारिश शुरू होते ही बच्चे भी घरों से बाहर निकल आए और बरसात का आनंद लिया।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 33 से घटकर 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, मेरठ के मौसम वैज्ञानिक प्रो. यूपी शाही ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय है। इसके प्रभाव से मंगलवार को शामली समेत आसपास के जिलों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।
50 से अधिक वाहन हुए खराब
बारिश के कारण नाला पटरी और धीमानपुरा रोड स्थित कृषि विभाग कार्यालय के पास जलभराव हो गया। पानी भरने से 50 से अधिक बाइक और स्कूटी बंद हो गईं। लोग अपने वाहनों को धक्का लगाकर आसपास की मरम्मत की दुकानों तक ले गए, जहां काफी देर तक भीड़ लगी रही।
दो घंटे गुल रही बिजली
बारिश के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब दो घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। मंडी बाजार, रेलपार, बुढ़ाना रोड समेत कई इलाकों में बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। बिजली हेल्पलाइन पर करीब 40 शिकायतें दर्ज हुईं। बिजली आपूर्ति सामान्य होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। अधीक्षण अभियंता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बाद में बिजली आपूर्ति को सुचारु करा दिया गया था।
बारिश के बाद शहर के कैराना रोड पर हुए जलभराव के बीच से गुजरते वाहन चालक। संवाद