जलालाबाद (शामली)। श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगंबर जैन अतिक्षय क्षेत्र जलालाबाद की ओर से विराट वार्षिक रथयात्रा महोत्सव का धूमधाम के साथ आयोजन किया। इस मौके पर रथयात्रा निकाली गई, जिसमें कस्बे सहित दूर दराज राज्यों के लोगों ने पहुंचकर धर्म लाभ उठाया। साथ ही क्षुल्लक रत्न 105 समर्पण सागर महाराज ने श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करते हुए सभी से भाईचारे के रास्ते पर चलने की अपील की।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले सुबह सात पंडित राजकुमार जैन और सनत कुमार जैन ने बजे प्रक्षाल पूजन कराया। दस बजे मंदिर में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद वेदी परिक्रमा करते हुए दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब व हरियाणा से आए जैन समाज के लोगों का सम्मान किया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करते हुए 105 समर्पण सागर महाराज ने कहा कि महाराज पार्श्वनाथ का जीवन बड़ी कठिनाइयों से बीता, लेकिन उन्होंने इन कठिनाइयों का सामना करते हुए उन्हें कमजोर किया। इसी का परिणाम है कि जो लोग भगवान पार्श्वनाथ का अहित चाहते थे, उन्हें भी भगवान के सामने झुकना पड़ा। आज के दौर में हमें आपसी भाईचारे की व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता है। हमें हिंसा और अशांति के वातावरण को खत्म करते हुए मंदिर और मस्जिद को आपस में जोड़कर चलना चाहिए।
श्रीजी की रथयात्रा में झूमे भक्त
जलालाबाद। प्रवचन के बाद दोपहर तीन बजे रथयात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा मंदिर से शुरू होकर हलवाई अट्टा, कुरैशी चौक, जमा मस्जिद, बंबा चौक, कटहरा चौक, नीलगरान, मोती बाजार से होते हुए वापस मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान कस्बे में जगह-जगह लोगों ने रथयात्रा का स्वागत किया और प्रसाद बांटा। रथयात्रा के बाद अंत में श्रीजी की पूजा संपन्न की गई। मौके पर भाजपा नेता ठाकुर सोहनवीर सिंह, पिछड़ा वर्ग के उपाध्यक्ष जनेश्वर सैनी, चेयरमैन अब्दुल गफ्फार, श्यामबाबू खां, जेके जैन, मंदिर समिति के अध्यक्ष सतेंद्र कुमार जैन, मंत्री राकेश कुमार जैन, सुशील जैन, सतेंद्र जैन आदि श्रद्धालु मौजूद रहे।
रथयात्रा पर भी दिखा कोरोना का असर
जलालाबाद। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि रविवार को आयोजित विराट रथयात्रा महोत्सव में कोरोना का भी असर देखने को मिला। बताया कि दिल्ली से रथयात्रा में शामिल होने के लिए अभी 25 से 30 बसें और आनी थीं, लेकिन कोरोना के चलते उक्त श्रद्धालु रथयात्रा में शामिल नहीं हो सके। इसके अलावा भी महोत्सव में पिछले साल के मुकाबले कम लोग ही पहुंचे थे।
जलालाबाद में जैन मन्दिर में रथ यात्रा महोत्सव कार्यक्रम में भाग लेते जैन समाज के लोग- फोटो : SHAMLI
जलालाबाद में जैन मन्दिर में रथ यात्रा महोत्सव के कार्यक्रम में मंचासीन अतिथी- फोटो : SHAMLI