हरियाणा से बिना ईएसटीपी के रेत ला रहे दस ट्रक सीज
शामली/झिंझाना। हरियाणा से इंटर स्टेट ट्रांजिट पास के बिना अवैध रूप से रेत लादकर यूपी में आ रहे दस ट्रकों को पकड़कर सीज कर दिया। खनन अधिकारी ने अवैध रूप से दूसरे राज्य की सीमा में प्रवेश करने पर यह कार्रवाई की है।
रविवार शाम को खनन अधिकारी ब्रिजेश गौतम ने टीम के साथ झिंझाना थानाक्षेत्र की बिडौली चेकपोस्ट पर हरियाणा की तरफ से मोटा रेत लेकर आ रहे वाहनों की चेकिंग की गई। खनन अधिकारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हरियाणा से बिना कागजों के ट्रक में लादकर रेत, डस्ट आदि लाया जा रहा है। वाहनों की चेकिंग के दौरान दस ट्रक (ट्राला) ऐसे पकड़े गए, जिनमें मोटा रेत (कवरसेंट) भरा हुआ था, लेकिन उनके पास दूसरे राज्य में माल लाने संबंधी प्रपत्र नहीं थे। खनन अधिकारी के मुताबिक शासन ने गजट जारी किया है कि एक राज्य से दूसरे राज्य में खनन संबंधी कोई भी सामान ले जाया जाता है तो उसके लिए इंटर स्टेट ट्रांजिट पास जरूरी होगा। जो ट्रक पकड़े गए है, उनमें किसी के पास यह प्रपत्र नहीं पाया गया। इस प्रपत्र के बिना दूसरे राज्य में अवैध रूप से घुसने पर पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि सभी दस ट्रकों को सीज कर उन्हें बिडौली चेकपोस्ट पर खड़ा किया गया है। पकड़े गए ट्रक हरियाणा के यमुनानगर से गाजियाबाद और मेरठ जा रहे थे। खनन अधिकारी ने बताया कि आगे भी वाहनों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।