कांधला। कैराना मार्ग पर आल्दी गांव के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कस्बा कांधला के मोहल्ला जाट कालोनी निवासी अमन (25) कारपेट बनाने का कार्य करता है। बृहस्पतिवार को अमन अपने साथी डब्बू और नीरज के साथ बाइक से पानीपत के लिए चला था। जैसे ही वे क्षेत्र के गांव आल्दी के पास पहुंचे तो कैराना की ओर से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार अमन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि डब्बू और नीरज गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक ट्रैक्टर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को कस्बे के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने दोनों की हालत को मुजफ्फरनगर के लिए रेफर कर दिया।
उधर, मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक अनुराधा सिंघल का कहना है कि युवक के परिजनों के द्वारा दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।