शामली। शहर के भैंसवाल रोड स्थित स्थान पर नगर पालिका द्वारा कूड़ा डालने का विरोध करते हुए कॉलोनीवासियों ने जमकर हंगामा किया। इसके बाद उन्होंने डीएम को शिकायत देकर समस्या के निस्तारण की मांग की।
कालोनी के लोगों ने बताया कि पालिका द्वारा कूड़ा डालने से कांशीराम आवास, कुष्ठ आश्रम और अन्य क्षेत्रवासी बहुत परेशान हैं। इस कारण कॉलोनियों में बीमारी फैल रही हैं।
कूडे़ से परेशान होकर प्लांट के बराबर स्थित प्राथमिक विद्यालय भी नहीं खुल पा रहा है। यहां 150 बच्चे पढ़ते थे। अब नगर पालिका की ओर से स्कूल गेट के सामने ही कूड़ा डाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह गंदगी अन्य किसी स्थल पर डाली जाए। उन्होंने कहा कि यदि यह समस्या जल्द दूर न की गई तो विरोध किया जाएगा। डीएम से शिकायत करने वालों में हरेंद्र कुमार, हर्ष निर्वाल, मोंटी, योगेंद्र पंवार, अर्जुन, मनोज कुमार, धर्मबीर सिंह, संतोष, रविंद्र कुमार आदि शामिल रहे।