शामली। अमूमन सर्दी के मौसम में दालों की मांग ज्यादा नहीं होने के कारण दाम कम ही रहते थे, लेकिन इस बार स्थिति उलट है। इन दिनों दाल के दाम आसमान पर हैं। विक्रेता इसका कारण सब्जियों पर छाई महंगाई को बताते हैं।
कुछ दिन पहले तक हरी सब्जियों के दाम अधिक थे। इसलिए लोगों ने दाल का प्रयोग अधिक करना शुरू कर दिया। मांग बढ़ते ही दाल के दाम भी आसमान पर पहुंच गए हैं। अधिकांश दालों के दाम 100 रुपये प्रति किलो से अधिक ही हैं। उड़द की धुली दाल तो 130 रुपये किलो बिक रही है, जबकि अरहर दाल 120 रुपये किलो है।
-------
पिछले एक महीने में 10 से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी
किराना व्यापारी आशु गोयल का कहना है कि पिछले करीब एक महीने में दाल के दामों में 10 से 20 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। सरसों तेल भी 115 से 130 रुपये प्रति लीटर तक बिक रहा है। रेलवे रोड मंडी के दुकानदार नवीन गर्ग बताते हैं कि थोक और फुटकर दामों में 10 से 20 रुपये प्रति किलो तक का अंतर है। गली-मोहल्लों के दुकानदार अपना मुनाफा निकालने के लिए फुटकर में थोड़े दाम बढ़ाकर बेचते हैं।
---------
क्या बोलीं गृहिणियां...
सब्जियों पर भी महंगाई छाई है और अब दालें भी 100 रुपये किलो से ऊपर बिक रहीं हैं। रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। सरकार को सस्ते दामों पर दाल की बिक्री करानी चाहिए। - ऋतु जैन।
-------
दाल और खाद्य तेल पर महंगाई के कारण घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। रसोई का खर्च काफी बढ़ गया है। खाद्य पदार्थों के दाम नियंत्रित करने के लिए सरकार को कदम उठाने चाहिए। - सुनीता देवी।
--------
कोरोना संक्रमण काल में पहले से ही लोग आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। ऐसे में दालों पर छाई महंगाई ने स्थिति और खराब कर दी है। अधिकतर दालें 100 रुपये किलो से ऊपर बिक रहीं हैं। - वंदना राणा।
----------
दाल के दाम प्रति किलो
दाल दाम
अरहर -- 100-120
चना दाल-- 70
उदड़ दाल छिलका- 90-100
उड़द साबुत -- 85-90
उड़द दाल धुली-- 110-130
राजमा-- 85-95
मूंग दाल-- 100-110
मसूर दाल-- 90-100
देसी चना-- 65-70
काबुली चना-- 75-80
---------
सूखे मेवे के दाम में नहीं आया अंतर
शामली। त्योहारी सीजन शुरू हो रहा है, लेकिन इस बार सूखे मेवे के दाम में बढ़ोतरी नहीं हुई है। दुकानदार कहते हैं कि सर्दी बढ़ने के साथ ही सूखे मेवे के दाम भी बढ़ने लगेंगे। फिलहाल दाम सामान्य हैं।
-----
सूखे मेवे के दाम प्रति किलो
सूखा मेवा दाम
बादाम गिरि- 600
काजू टुकड़ा - 570
काजू साबुत - 720
मखाना - 450
किशमिश - 300
छुआरा - 200
अखरोट - 500
मुनक्का - 325