कैराना में ग्रामीणों की बिजली समस्याओं पर एसडीओ से बात करते सपा विधायक नाहिद हसन।
- फोटो : SHAMLI
कैराना। क्षेत्र के तीन गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीण परेशान हैं। आरोप लगाया कि लाइनमैन ग्रामीणों को परेशान कर रहे हैं। इस शिकायत पर सपा विधायक नाहिद हसन ने बिजलीघर पर पहुंचकर अधिकारियों से बात की। उन्होंने समस्या का समाधान नहीं होने पर बिजलीघर पर ताला डालने की चेतावनी दी है।
क्षेत्र के गांव मामौर, मलकपुर और मंगलपुर की विद्युत सप्लाई खेतों की लाइन से जुड़ी होने के कारण वहां दिन में दो से ढाई घंटे तक ही बिजली आपूर्ति की जा रही है, जबकि अन्य गांवों में सप्लाई लगभग 18 घंटे हो रही है। विद्युत आपूर्ति कम होने तथा लाइनमैन की ग्रामीणों को परेशान करने की शिकायत पर बुधवार को सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन पहले पंजीठ बिजलीघर पहुंचे। जहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद विधायक 33 केवी विद्युत उपकेंद्र शामली रोड पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार सभी गांवों में 18 घंटे सप्लाई देने का दावा कर रही है, तो फिर केवल तीन गांवों से सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है।
उन्होंने एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं होने पर बिजलीघर पर ताला डालकर धरना देने की चेतावनी दी। इससे पहले नाहिद हसन ने अधीक्षण अभियंता शामली से भी फोन पर वार्ता करते हुए ग्रामीणों की समस्या का समाधान कराने को कहा। एसडीओ अतुल यादव ने बताया कि तीन गांवों की सप्लाई खेतों की लाइन से जुड़ी। यहां 12 से 14 घंटे की सप्लाई हो रही है। विधायक उनके पास आए थे। उन्होंने उच्चाधिकारियों से बात की है।