शामली। निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन पत्र जमा करने पहुंचे मनीष चौहान के समर्थकों ने मंगलवार को शहर में जुलूस निकाला। जमकर नारेबाजी की गई, सैकड़ों वाहन जुलूस में शामिल रहे, जिससे दिन भर शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। कैराना सीट के प्रेक्षक की कार भी काफी देर तक जाम में फंसी रही। जाम खुलवाने में पुलिस नाकाम रही।
मंगलवार को शामली सीट से निर्दलीय प्रत्याशी मनीष चौहान ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके साथ ही शहर में शक्ति प्रदर्शन हुआ, जिसके चलते मनीष चौहान के समर्थकों की भीड़ जुलूस के रूप में कांधला की तरफ से शहर में पहुंची।
दुपहिया वाहनों के अलावा ट्रैक्टर ट्रालियां और कारों से समर्थकों की भीड़ अजनता चौक की तरफ से फव्वारा चौक होते हुए वीवी इंटर कॉलेज रोड से एमसके रोड पर धीमानपुरा रेलवे क्रासिंग पार करके एसटी तिराहा और फिर कलक्ट्रेट तक पहुंचे। काफिले के आगे मनीष चौहान को समर्थकों ने कंधे पर बैठा रखा था, तो आगे आगे युवकों की भीड़ चल रही थी। सड़क पर पूरी तरह जुलूस में शामिल समर्थकों का कब्जा था, जिसके चलते ट्रैफिक जाम लगा रहा।