बिनौली। सिरसली गांव के प्रधान धर्मेंद्र तोमर उर्फ धर्मा के हत्यारोपी हिस्ट्रीशीटर आयुष के हरिद्वार जेल में जाकर पुलिस बयान दर्ज करेगी। इसके बाद हिस्ट्रीशीटर को रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में अर्जी दाखिल की जाएगी।
सिरसली गांव में 14 मई की शाम टेंपो स्टैंड के पास बैठकर ताश खेल रहे प्रधान धर्मेंद्र तोमर उर्फ धर्मा के साथ कहासुनी होने पर हिस्ट्रीशीटर आयुष ने अपने साथी नवनीत निवासी हुर नंगला जिला बिजनौर के साथ मिलकर पिस्टल से छह गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। गोली लगने से सेवानिवृत्त दरोगा के बेटे विनीत भी घायल हो गया था। इसमें मृतक प्रधान के भाई गजेंद्र ने हिस्ट्रीशीटर आयुष, उसके भाई अर्जुन, दादा निर्भय सिंह और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने फरार हत्यारोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर आरोपी निर्भय सिंह समेत तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हिस्ट्रीशीटर आयुष तमंचा बरामदगी के मुकदमे में न्यायालय में पेश होकर अपराध स्वीकार कर लिया, जिसे छह माह की सजा सुनाई गई। पुलिस ने बताया कि दो दिन बाद हरिद्वार जेल जाकर हिस्ट्रीशीटर आयुष के बयान दर्ज किए जाएंगे।