थानाभवन। बजाज हिंदुस्थान शुगर मिल थानाभवन में भारतीय किसान संगठन के पदाधिकारियों और शुगर मिल अधिकारियों के बीच हुए टकराव के बाद रविवार मिल पर हंगामे के आसार बने रहे। शुगर मिल पर दिनभर कई थानों की पुलिस और पीएसी तैनात रही।
शनिवार शाम भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह और उपाध्यक्ष राजू सिंह व अन्य कार्यकर्ता थानाभवन शुगर मिल पर पहुंचे थे। इस दौरान शुगर मिल कर्मियों से उनका विवाद हो गया था। शुगर मिल के सहायक सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार की तरफ से ठाकुर पूरण सिंह, राजू सिंह, हाजी अफसर अली, अंकुर राणा और रोहित सहित 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मारपीट, गाली गलौज और फायरिंग करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रात से ही भारतीय किसान संगठन के लोगों ने मामले में पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए गांव दर गांव जनसंपर्क किया था।
जिस कारण सोमवार सुबह से ही शुगर मिल पर थानाथाना, शामली, आदर्श मंडी और बाबरी थाने की पुलिस के अलावा पीएसी के जवान तैनात कर दिए गए। शाम तक शुगर मिल पर पुलिस का पहरा रहा, लेकिन हंगामा प्रदर्शन करने के लिए किसान संगठन के कार्यकर्ता नहीं पहुंचे। उधर, शुगर मिल के सुरक्षा अधिकारी की तरफ से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है, लेकिन अभी मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मौके की नजाकत को देखते हुए कदम बढ़ा रही है।