लूट के मामले में अभी तक पुलिस खाली हाथ
शामली, कांधला। मेडिकल स्टोर संचालक के साथ हुई लूट में पुलिस अभी तक हाथ खाली है। वारदात के खुलासे को लेकर पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाशों की तलाश में जुटी है। मेडिकल संचालक ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ थाने पहुंचकर घटना के खुलासे की मांग की है।
सोमवार रात लक्ष्मी नारायण मंदिर के निकट स्थित जय मेडिकल स्टोर संचालक दीपक कौशिक रात करीब 10 बजे जब अपनी दुकान बंद कर घर जाने के लिए तैयारी कर रहा था। उसी समय वहां पहुंचे बाइक सवार बदमाश ने चाकू से आतंकित पर मेडिकल स्टोर संचालक दीपक को आतंकित करते हुए लूटपाट की थी। व्यापारियों ने घटना पर रोष प्रकट करते हुए पुलिस को वारदात की सूचना दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित स्टोर संचालक से घटना के संबंध में जानकारी ली थी। वहां मौजूद व्यापार मंडल के पदाधिकारी अमित गर्ग, श्रीनिवास ,ईश्वर दयाल कंसल ,सचिन गोयल आदि ने पुलिस से वार्ता कर घटना के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए जल्द खुलासे की मांग की थी। मंगलवार सुबह घटना के संबंध में पीड़ित ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने वारदात का खुलासा करने का आश्वासन दिया।