कैराना। थाना क्षेत्र के पावटी कलां में लूट की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो मामला फर्जी पाया गया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के छह आरोपियों को गिरफ्तार करके शांतिभंग में चालान कर दिया।
बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बदमाशों ने पावटी कलां में आईटीआई स्कूल के पास किसी व्यक्ति से 73 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कुछ युवक आपस में झगड़ा कर रहे थे। पूछताछ के दौरान लूट का मामला फर्जी निकला। जिसके बाद पुलिस ने एक पक्ष के इमरान निवासी बाढ़ी माजरा थाना गंगोह, वसीम निवासी अंबेहटा थाना गंगोह और रुकमा उर्फ रूकमद्दीन निवासी गांव जंधेड़ी थाना कैराना और दूसरे पक्ष के अफसर, सादिक और खालिद निवासी गांव बरनावी थाना कैराना को गिरफ्तार कर लिया। बाद में पुलिस ने सभी आरोपियों का शांतिभंग की धाराओं में चालान कर दिया।