कैराना/गढ़ीपुख्ता। होली के दिन जुमे की नमाज व शब-ए-बरात को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। किसी क्षेत्र में शांति भंग न हो इसके मद्देनजर पुलिस लगातार गश्त करती रही। दोपहर के समय जुमे की नमाज के मद्देनजर कैराना नगर की जामा मस्जिद, शामली बस स्टैंड वाली मस्जिद, ईदगाह रोड, चौक बाजार, कांधला तिराहा आदि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस ने पैदल मार्च किया। इसके साथ ही धार्मिक स्थलों के आसपास पुलिस व पीएसी के जवान तैनात किए गए। एसडीएम संदीप कुमार, सीओ जितेंद्र कुमार कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान ने पैदल मार्च कर जुमे की नमाज सकुशल संपन्न कराई। वहीं होली पर हुड़दंग न करने और शांति पूर्वक नमाज अदा करने की पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की।
उधर, गढ़ीपुख्ता में शब-ए-बरात के मुबारक मौके पर जुमे की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। अकीदतमंदों ने देश में खुशहाली व कोरोना से मुक्ति की विशेष दुआ की। पुलिस की धर्मस्थलों पर निगरानी रही। नगर की जामा मस्जिद, चांद मस्जिद, बड़वाली मस्जिद, लुहारों वाली मस्जिद सहित अन्य प्रमुख मस्जिदों में शांतिपूर्ण तरीके नमाज अदा की गई। मौलाना अब्दुल खालिक तकरीर करते हुए कुरान में बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। इस्लामिया सराय वाला मदरसा के प्रबंध संचालक मौलाना इकराम व मदरसा फैजुल उलूम के मौलाना शाहजहां ने कहा खुदा ने अपने बंदों को बहुत बड़ी निजात दी है। आने वाले पाक रमजान माह में पहला अशरा रहमत का, दूसरा मगफिरत और तीसरा जहन्नुम यानी नरक की आग से निजात दिलाने का है। कोतवाली प्रभारी एमपी सिंह ने पुलिस टीम के साथ नगर में गश्त की।