शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या में पुलिस को शक है कि शामली के तीन युवकों ने भी शार्प शूटरों के लिए रेकी करते हुए उनकी मदद की। पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बृहस्पतिवार को हिरासत में लिए गए दो युवकों से पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगने की बात सामने आई है। पुलिस जिम संचालक से भी घटना और संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पूर्णिया में रात बिताने की भी जांच
पुलिस की जांच में शूटरों के पूर्णिया पहुंचने और वहां रात बिताने की जानकारी भी सामने आई है। शूटरों ने जिस इंटरनेट डाटा का इस्तेमाल किया था, उसका आईपी एड्रेस पूर्णिया के धमदाहा थाना क्षेत्र की एक युवती के नाम से जारी मोबाइल सिम से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस अब इस सिम और युवती के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
आखिर तीसरा युवक कौन
सत्यम और आर्यन के करनाल में सिम खरीदने के दौरान की सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगी है। फुटेज में दुकानदार दोनोें शूटरों के अलावा एक अन्य युवक दोनों से बातचीत करता नजर आ रहा है। पुलिस अब उसकी पहचान करने में जुटी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वह युवक कौन है और शूटरों से उसकी क्या बातचीत हुई थी। पुलिस को आशंका है कि तीसरे युवक का संबंध भी गिरोह से हो सकता है।