शामली। गायक अंकित बालियान हत्याकांड में अब सोनीपत निवासी राहुल का नाम भी जांच में सामने आया है। पुलिस को आशंका है कि राहुल भी अंकित की हत्या की साजिश में शामिल था। बताया जा रहा है कि राहुल गोगी गिरोह से जुड़े भोलू शाहपुरिया के लगातार संपर्क में था। पुलिस अब राहुल और करनाल जेल में बंद राकेश उर्फ पंपू से पूछताछ की तैयारी में है। दोनों से पूछताछ के बाद अंकित हत्याकांड की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
दीपक भांजा की हत्या में सामने आया था राहुल का नाम
गैंगस्टर दीपक उर्फ भांजा वर्ष 2014 में सोनीपत के शाहपुर गांव निवासी विनोद उर्फ घोला की हत्या में शामिल था। विनोद, गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू का जीजा था। फरवरी 2025 में नेशनल हाईवे-44 स्थित बीर ढाबे पर दीपक उर्फ भांजा की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में राहुल भूरी को मुख्य शूटर और राकेश उर्फ पंपू को साजिशकर्ता बताया गया था। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर चुकी है।
भांजा गैंग के सदस्यों पर भी पुलिस की नजर
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दीपक भांजा गैंग के कुछ सदस्य अभी बाहर हैं। राहुल और राकेश उर्फ पंपू से पूछताछ की जाएगी। गिरोह के अन्य सदस्यों के गोगी गिरोह से संपर्क और अंकित हत्याकांड में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सत्यम-आर्यन समेत अन्य आरोपियों के ठिकाने खंगाल रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। अंकित बालियान हत्याकांड में एक लाख रुपये के इनामी शार्प शूटर सत्यम, आर्यन के साथ ही भोलू शाहपुरिया समेत अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अभी सफलता नहीं मिली है। पुलिस के अनुसार भोलू के सोनीपत, दिल्ली या विदेश में छिपे होने की आशंका है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों और संपर्कों को खंगाल रही है।