शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के कस्बा बनत में बुजुर्ग मुस्तफा की हत्या के आरोपियों को पुलिस दो दिन बाद भी तलाश नहीं कर सकी। पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही है, लेकिन कोई आरोपी पकड़ में नहीं आ सके।
कस्बा बनत के मोहल्ला रैदासपुरी निवासी 65 वर्षीय मुस्तफा की मंगलवार रात को घर में सोते हुए सिर पर ईंट से वार कर हत्या कर दी थी। परिजनों ने कस्बे के तीन भाइयों कासिफ, आसिफ व दानिश के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हत्या की वजह यह बताई गई थी कि आरोपी तीनों भाइयों का दूसरे पक्ष के बिलाल से रात में झगड़ा हो गया था, इस झगड़े में मुस्तफा ने बीच बचाव करा दिया था। आरोपियों को यह बात नागवार गुजरी तो उन्होंने हत्या कर दी थी। आदर्श मंडी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों के गिरफ्तार किया जाएगा।