शामली/कैराना। शनिवार को दिन भर रुक रुककर हुई बारिश से मौसम ठंडा हो गया। बारिश से दिन के तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बारिश होने से धान की खेती को लाभ पहुंचा है।
सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए थे। करीब सात बजे तेज बारिश हुई। करीब आधा घंटे तक बारिश होती रही। इसके बाद दिन में रुक रुक कर बारिश होती रही। शनिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री से गिरकर 28 डिग्री पर पहुंच गया है। जिससे लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार रविवार को भी बारिश की संभावना जताई जा रही है। बारिश के कारण धान की फसल को काफी लाभ बताया जा रहा है। हालांकि ज्वार की फसल को नुकसान की संभावना जताई जा रही है। उधर बारिश के चलते यमुना का जलस्तर भी घट बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार रात तो कैराना पुल पर यमुना का जलस्तर खतरे के निशान पर 230 मीटर पहुंच गया था, हालांकि शुक्रवार को वह घटकर 229.4 मीटर पर आ गया था। शनिवार को भी यमुना का जलस्तर स्थिर रह कर 229.4 मीटर पर ही बह रहा था। हालांकि लगातार बारिश होने पर हथिनीकुुंड बैराज से यमुना में पानी छोड़ने की संभावना बनी हुई है। ड्रेनेज विभाग के एसडीओ ओमकार ने बताया कि शनिवार को सुबह आठ बजे यमुना में 17925 क्यूसेक तथा शाम पांच बजे 13216 तथा शाम छह बजे 10517 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे जलस्तर बढ़ने की कोई संभावना नहीं है।
सड़कों पर कीचड़, मच्छरों का प्रकोप
शामली। लगातार बारिश के कारण शहर में जगह जगह कीचड़ हो गई है। सड़कों पर भी कीचड़ गंदगी है। कई जगह यही हाल है। मच्छरों का भी प्रकोप बढ़् रहा है। ऐसे में मलेरिया फैलने की संभावना भी जताई जा रही है। सीएमओ संजय भटनागर का कहना है कि लोग अपने घरों में पानी एकत्रित ना होने दें। मच्छरों से बचना चाहिए।
बारिश में टूटी सड़कों का बुरा हाल
शामली। बारिश के चलते टूटी सड़कों का बुरा हाल हो गया है। दिल्ली हाईवे पर सहारनपुर और किरोड़ी रोड का बुरा हाल है। दिल्ली सहारनुपर हाईवे पर लिलौन गांव पर पूरी सड़क टूटी हुई है। सड़क पर हुए गड्ढों में बारिश का पानी भरा है। पूरी सड़क की हालत इतनी खस्ता है कि आए दिन यहां दुर्घटना हो रही हैं लेकिन ये सड़क नहीं बन रही। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार दिल्ली-सहारनपुर हाईवे को फोरलेन कर रही है लेकिन यहां पर सालों से सड़क का यही हाल है। हाईवे बनने के कारण यहां की मरम्मत भी नहीं कराई जा रही। यही हाल किरोड़ी रोड की है। पूरी सड़क टूटी पड़ी ओर लोग परेशान हैं। बरसात के दिनों में यहां से निकला भी मुश्किल हो रहा है।