शामली। स्वच्छ भारत मिशन योजना (अमृत) के तहत शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विचार गोष्ठी की गई। लोगों ने सुझाव दिए और पालिका अधिकारियों ने पालिका की तरफ से कराए जा रहे कार्यों को गिनाया।
मंगलवार को दोपहर के समय पालिका परिसर में अधिशासी अधिकारी अमिता वरुण की अध्यक्षता में विचार गोष्ठी हुई। इसमें घनश्याम दास, नरेंद्र अग्रवाल, पंकज गुप्ता, श्यामलाल शर्मा, डॉ. कुलदीप सक्सेना, देवराज मलिक समेत सभासदों ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान अधिशासी अधिकारी अमिता वरुण ने बताया शहर में वर्तमान में पेयजल आपूर्ति को निर्बाध रुप से कराने के लिए 25 वार्डों को पांच जोन में बांटकर व्यवस्था बनाई जाएगी।
ताकि जिस जोन में पाइप लाइन लिकेज की समस्या होगी, उसी जोन की ट्यूबवेल को बंद कर तत्काल मरम्मत कार्य कराया जा सके। इस व्यवस्था से अन्य जोन में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बाधित नहीं होगी। इसके अलावा शहर से गुजरने वाले कूड़े की ट्रालियों में डाला लगवाने और तिरपाल से ढककर ले जाने की व्यवस्था कराई जाएगी। मोहल्लों में कूड़ा उठाने वाले वाहनों पर हूटर लगाए जाएंगे।
ताकि मोहल्लावासी अपने घरों का कूड़ा संबंधित वाहन में डाल सकें। इसके अलावा शहर की नालियों की सफाई महीने में दो बार अभियान चलाकर कराने पर भी विचार हुआ। ईओ अमिता वरुण ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को इन कार्यों को कराने का निर्देश दिया। विचार गोष्ठी में पहुंचे नागरिकों का आभार जताया।