- घने कोहरे की चादर में लिपटा जिला
- अधिकतम तापमान 15 और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले में मंगलवार रात से लेकर बुधवार सुबह तक घना कोहरा छाया रहा। शीतलहर चलने से दिनभर ठिठुरन बनी रही, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। अधिकतम तापमान में दो डिग्री और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। ठंड बढ़ने से लोगों को सुबह और देर शाम घरों से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
पिछले करीब एक महीने से जिले में कोहरे का असर बना हुआ है, लेकिन मंगलवार रात से बुधवार सुबह करीब आठ बजे तक कोहरा बेहद घना रहा। इसके साथ ही पाला पड़ने से ठंड और बढ़ गई। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे राष्ट्रीय व राज्यमार्गों सहित ग्रामीण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी रही। कई स्थानों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा।
बीच-बीच में बादल छाने के कारण धूप हल्की रही, वहीं शीतलहर के चलते धूप भी बेअसर साबित हुई। दिनभर ठंड का असर बना रहा। दिन में हवा की गति करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जिससे सर्दी और ज्यादा महसूस की गई। लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए।
पिछले 24 घंटों के तापमान की स्थिति पर नजर डालें तो बुधवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस गिरकर चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। ठंड बढ़ने से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को खासा सतर्क रहने की जरूरत महसूस की जा रही है।
वायु गुणवत्ता सूचकांक 162 दर्ज किया गया, जो हानिकारक श्रेणी में है। मौसम वैज्ञानिक यूपी शाही ने बताया कि अगले दो दिनों तक जिले में कोहरा छाए रहने और शीतलहर चलने के आसार बने हुए हैं। उन्होंने लोगों को सुबह-शाम अनावश्यक बाहर न निकलने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।